फतेहाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में और अपनी मांगों को लेकर अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गई है। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी 22 सूत्रीय मांगों पर ठोस सहमति नहीं बनती, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। इसी बीच, आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने अपनी हड़ताल को अब 26 अप्रैल तक बढ़ाने का बड़ा निर्णय लिया है। आज के धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान विनोद खिचड़ ने की, जबकि संचालन राज्य सचिव सतबीर सहारण द्वारा किया गया। आज धरने पर विशेष तौर पर फतेहाबाद जिला प्रधान रघुबीर सिंह, सिरसा जिला प्रधान राजेश खिचड़, राज्य कमेटी सदस्य सतबीर सिंह व गुरमेल सिंह भी पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया। धरने को राजनीतिक समर्थन भी मिलना शुरू हो गया है। आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा दमकल केंद्र पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए उन्हें अपना पूर्ण समर्थन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने सरकार को घेरते हुए कहा, जनता की जान बचाने वाले दमकल कर्मी आज खुद अपने हक के लिए सडक़ों पर बैठने को मजबूर हैं। सरकार को हठधर्मिता छोडक़र तुरंत इनकी जायज मांगों को पूरा करना चाहिए ताकि व्यवस्था सुचारू हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
