फतेहाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। शहर के गुरूनानकपुरा में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में सीआईए फतेहाबाद तथा थाना शहर फतेहाबाद की संयुक्त टीम ने गुरूवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान रजत पुत्र राजकुमार तथा मंगत पुत्र गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। बता दें कि शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में बीते रविवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक संदीप गुरुनानकपुरा मोहल्ला में अपनी ननिहाल में रहता था। उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य सिरसा में रहते हैं। उसके मामा काका सिंह और मामी सुनीता ने बताया था कि संदीप छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वह बचपन से ही उनके पास रहता था। थाना शहर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि 15 मार्च को गुरुनानक पुरा मोहल्ला में हुए एक विवाद के दौरान आरोपियों ने रंजिश के चलते संदीप सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में दाखिल करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने हरजिन्द्र सिंह पुत्र जगीर सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में एसपी सिद्धांत जैन द्वारा डीएसपी संजय बिश्नोई के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के बारे में अहम सुराग जुटाते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी मंगत आदतन श्रेणी का अपराधी है तथा उसके खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं के तहत पहले से 7 मुकदमे दर्ज हैं।इस हत्याकांड को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसमें कार में सवार युवक आकर झगड़ा करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान नाके पर दो होमगार्ड जवान खड़े भी दिखते हैं, लेकिन वह झगड़े को रोकने की कोशिश नहीं करते। बाद में युवक मर्डर करके मौके से फरार हो जाते हैं। इसके बाद एसपी सिद्धांत जैन ने इसे गंभीरता से लिया और बताया कि मामले में होमगार्ड जवानों की लापरवाही सामने आई है। दोनों होमगार्ड होशियार सिंह व मुकेश कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
