फतेहाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब खबर आई कि पंजाब के पटियाला जिले में हुए एक भीषण सडक़ हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई है। मृतक भाई अपने चचेरे भाई की शादी समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी मंगलवार अलसुबह उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से टकरा गई। मिली जानकारी के अनुसार, जाखल के प्रसिद्ध आढ़ती सुखदर्शन जिंदल के दो बेटे, हिंमाशु और विशाल जिंदल, अपने चाचा दर्शन के बेटे दिनेश की शादी में शामिल होने पंजाब के दिड़बा गए थे। सोमवार रात शादी संपन्न होने के बाद दोनों भाई अपनी कार से वापस जाखल लौट रहे थे। पटियाला जिले के पातड़ा क्षेत्र में स्थित गांव बंगा बसेरा के पास अचानक सामने से आ रहे एक वाहन की तेज लाइट हिमांशु जोकि गाड़ी चला रहा था, की आंखों पर पड़ी। इससे संतुलन बिगड़ गया और दोनों गाडिय़ों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना ने जिंदल परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बड़ा बेटा विशाल शादीशुदा था। उसकी शादी 5 साल पहले फतेहाबाद के ही भूना में हुई थी। विशाल अपने पीछे एक साल का मासूम बेटा छोड़ गया है। छोटा भाई हिमांशु अभी अविवाहित था। दोनों भाई अपने पिता के साथ जाखल मंडी में आढ़त का काम संभालते थे। हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पातड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जाखल से परिजन भी सूचना मिलते ही पातड़ा पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार दोपहर बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को जाखल लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। होनहार और मिलनसार स्वभाव के इन दोनों भाइयों की असमय मृत्यु से पूरे जाखल क्षेत्र और व्यापार मंडल में शोक व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हंसते-खेलते परिवार पर आए इस वज्रपात ने सबको झकझोर कर रख दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
