फतेहाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। फतेहाबाद में भाजपा के दो दिग्गज नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली द्वारा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के खिलाफ की गई तीखी बयानबाजी ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में गुरूवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि पार्टी इस अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगी और इस पर उचित संज्ञान लिया जाएगा। बता दें कि 3 मार्च को फतेहाबाद में प्रदेश सरकार के बजट को लेकर आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली ने मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए सुभाष बराला पर गंभीर व्यक्तिगत हमले किए थे। बबली ने बराला को ‘कांग्रेस का एजेंट’ करार देते हुए यहां तक कह दिया कि उन्होंने ऑफिस बेचकर खाया है और पार्टी के साथ गद्दारी की है। बबली ने बराला की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए चुनौती दी कि यदि उनके घर की सारी वोट कांग्रेस को न गई हों, तो वे किसी भी मंदिर में आकर कसम खा लें। उन्होंने बराला की सक्रियता को ‘फोटो खिंचवाकर दुकान सजाने’ की कवायद बताया। देवेंद्र बबली के इस बयान से भाजपा आलाकमान में नाराजगी साफ देखी जा रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा, कि यह भाजपा की कार्यप्रणाली और परंपरा का हिस्सा नहीं है। हमारे पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ इस तरह की अनर्गल बातें करना पार्टी के संविधान के खिलाफ है। देवेंद्र बबली ने पहली बार इस तरह का व्यवहार किया है और पार्टी निश्चित रूप से इस मामले का संज्ञान लेगी। बबली का यह बयान दो दिनों से सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस बयान के बाद फतेहाबाद में भाजपा नेता भी दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं। बबली जब पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद सुभाष बराला को आड़े हाथ ले रहे थे, उस समय भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी उनके साथ बैठे थे। भाजपा नेताओं के बीच शुरू हुई यह जंग अब सोशल मीडिया पर समर्थकों के बीच डिजिटल युद्ध में बदल गई है। फेसबुक पर दोनों गुटों के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। उस समय प्रैस कॉन्फ्रेंस में मौजूद भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बाद में सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली। अपनी फेसबुक पोस्ट में उन्होंने देवेंद्र बबली को रायता फैलाने वाला तक कह डाला।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

