चंडीगढ़, 14 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब के फरीदकोट के गांव बुर्ज मस्तां में एक घर में गैस लीक होने के कारण सिलेंडर फट गया। किसी तरह का जानी नुकसान तो नहीं हुआ परंतु घर की छत्त उड़ गई और घर की सभी दीवारों में दरारें आ गईं वहीं घर का पूरा सामान जल कर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, गांव बुर्ज मस्तां निवासी राजकुमार शनिवार सुबह घर से अपने काम पर चला गया। उपरांत उसका पुत्र भी काम पर चला गया। जिसके चलते घर में राज कुमार की पत्नी वीरपाल कौर अकेली थी। सुबह लगभग साढ़े सात बजे जब वीरपाल कौर अपने लिए चाय बनाने लगी तो गैस लीक होने के कारण आग लग गई। जिसके चलते वह भाग कर बाहर आई और लोगों को बुलाने लगी। इतने में आग लगने के कारण गैस सिलेंडर फट गया।

धमाका इतना जोरदार होने के कारण घर की छत उड़ गई और घर की दीवारों में पूरी तरह दरारें आ गई। इतना ही नहीं उसके कारण आग बुरी तरह फैल गई और घर में रखा फ्रिज, इनर्वटर सहित पूरा घर का सामान जल कर राख हो गया। सूचना मिलते ही थाना सदर प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग की गाड़ी को भी बुलाया। जिसके पश्चात दमकल विभाग कर्मियों द्वारा बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
