फरीदाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने इस बार व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। शहर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब 23.70 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एक महीने के भीतर सभी प्रमुख और छोटे नालों के साथ-साथ सीवर लाइनों की सफाई का काम पूरा कर लिया जाए, ताकि मानसून के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा के मुताबिक, सफाई कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरीदाबाद में करीब 65 छोटे-बड़े नाले हैं, जिनकी नियमित सफाई बेहद जरूरी है। इनमें गौछी ड्रेन सबसे अहम है, जिसकी सफाई में अधिक समय और संसाधन लगते हैं। इस बार विशेष निगरानी में इसका कार्य कराया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर भी सख्ती बरती जा रही है। मेयर और निगम कमिश्नर खुद रोजाना अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं, ताकि काम में किसी तरह की लापरवाही न हो। इसके अलावा वर्षा जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए करीब एक करोड़ रुपए की लागत से नई ड्रेनेज लाइनें भी बनाई जाएगी। शहर में 15 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां जलभराव की समस्या अधिक रहती है और वहां नई ड्रेन बनाने की योजना है। सफाई कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। नगर निगम के मेयर प्रवीण बत्रा ने कहा कि बारिश से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएगी, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
