फरीदाबाद, 31 जनवरी (हि.स.)। एक बुजुर्ग व्यक्ति से साढ़े 33 लाख रुपये की ठगी मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सेक्टर 22 में रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में अपनी शिकायत दी, जिसमें बताया कि 9 जनवरी को उसके फोन पर एक कॉल आया, कॉल करने वाले ने बताया कि शिकायतकर्ता के मोबाइल की सेवाएं अगले दो घंटे के लिए बंद हो जाएगी। शिकायतकर्ता ने कारण पूछा तो उसने बतलाया कि बॉम्बे तिलक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता के खिलाफ बहुत सारी शिकायतें हैं। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को बताया कि वह कमरे में बैठा हुआ है और आरबीआई आपके मनी ट्रांजेक्शन को चेक करना चाहता है इसलिए जैसा वह कह रहा है वैसे ही करें, फिर ठग ने पूछा कि बैंकों में कितनी एफडी है। ठग के पास पहले से ही बैंक डिटेल थी। जिसके माध्यम से शिकायतकर्ता के साथ 33 लाख 56 हजार 88 रुपए की ठगी हुई। जिस शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए खाताधारक हेमनंदा मलिक(22) निवासी जिला बलांगिर, उडीसा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हेमनंदा खाताधारक है। जिसके खाता में ठगी के 10 लाख रुपये आये थे। आरोपी 10वीं पास है। आरोपी को अज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
