फर्रुखाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में किसानों, विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। भारत सरकार के निर्देशानुसार अब योजना की अगली किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार हो चुकी होगी।

जनपद स्तर पर प्रत्येक राजस्व ग्राम में कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसके बावजूद आईडी बनाने में लेखपालों की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
दरअसल मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने एक दिन पूर्व 7 अप्रैल 2026 को समीक्षा की। जिसमें कार्य प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर सख्त रुख अपनाया गया। समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले 212 पंचायत सहायकों, 32 पंचायत सचिवों, 57 लेखपालों, कृषि विभाग के 8 क्षेत्रीय कर्मियों तथा 24 ग्राम रोजगार सेवकों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागाध्यक्षों को बुधवार दिए गए हैं।
सीडीओ ने बताया कि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ समय से दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, इसके बाद भी जिम्मेदार कार्मिकों के द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई तय की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
