रामगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) के सफल संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई। यह अभियान 10 से 25 फरवरी तक जिले में संचालित किया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सिविल सर्जन की ओर से बताया गया कि एमडीए के तहत 25 फरवरी तक जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। रामगढ़ जिले में कुल 10 लाख 53 हजार 34 लोगों को लक्षित आबादी को डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि फाइलेरिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए दवा का सेवन आवश्यक है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम गठित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में दवा वितरण एवं निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
जिले में कुल 1156 बूथ स्थापित किए गए हैं। 10 फरवरी को बूथ दिवस के अवसर पर फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। इसके पश्चात 11 से 25 फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मियों की ओर घर-घर जाकर दवा का सेवन कराया जाएगा। अभियान की मॉनिटरिंग के लिए कुल 130 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
गोला में लक्षित आबादी 1,72,409, बूथ 262, सुपरवाइजर 27, मांडू में लक्षित आबादी 2,63,364, बूथ 293 और सुपरवाइजर 33, पतरातू में लक्षित आबादी 2,67,858, बूथ 279 और सुपरवाइजर 30, रामगढ़ में लक्षित आबादी 3,49,403, बूथ 322 और सुपरवाइजर 40 नियुक्त किए गए हैं।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उदय श्रीवास्तव, डीपीएम प्रदीप कुमार सिंह, डीडीएम रश्मि आनंद, डीपीसी आरिफ हैदर, जिला वीबीडी सलाहकार संजना कुमारी, लिपिक रविकांत रवि, पिरामल फाउंडेशन से रितेश कुमार एवं मिथुन भंडारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
