भागलपुर, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के साहेबगंज दिलदारपुर में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया गया है। उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को डीएसपी टू राकेश कुमार ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

डीएसपी ने बताया कि रीना देवी निवासी साहेबगंज दिलदारपुर अपने दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान राजेश कुमार उर्फ डोमा वहां पहुंचकर जातिसूचक गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वादिनी के पुत्र विकास कुमार रजक, मनीष कुमार रजक और अभिषेक कुमार रजक उसे समझाने के लिए उसके घर गए। आरोप है कि इसी दौरान राजेश कुमार उर्फ डोमा ने जान मारने की नीयत से ईंट-पत्थर से हमला कर तीनों को घायल कर दिया। घटना के बाद ललमटिया थाना में मामला दर्ज किया गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को फायरिंग करते और देशी कट्टा लहराते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है।
छापेमारी दल में सीआई रंजीत कुमार, डीआईयू के परमेश्वर साहनी, ललमटिया थानाध्यक्ष दीपक पासवान, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एसआई महावीर कुमार समेत पुलिस बल शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
