
टीटी नगर स्टेडियम में 3 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल, 10 किमी तक लगाई दौड़

भोपाल, 08 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के तात्या टोपे (टीटी) नगर स्टेडियम में रविवार की सुबह फिटनेस और एकता के रंग में रंगी नजर आई। श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘स्पिरिट ऑफ यूनिटी रन’ में करीब तीन हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस निःशुल्क मैराथन का उद्देश्य आमजन को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम में खेल मंत्री विश्वास सारंग, सत्य साई सेवा समिति के प्रांताध्यक्ष अमित दुबे, जिला अध्यक्ष सजल श्रीवास्तव सहित समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। ठंड के बावजूद प्रतिभागियों का जोश देखते ही बन रहा था। सुबह 5 बजे से ही स्टेडियम में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। दौड़ से पहले विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जुंबा और वार्म-अप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी संगीत की धुन पर उत्साह से थिरकते नजर आए।
तीन श्रेणियों में आयोजित हुई दौड़
आयोजन को सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से दौड़ को 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया। समिति के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए लगभग 3800 प्रतिभागियों ने पूर्व पंजीयन कराया था। दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मान स्वरूप मेडल प्रदान किए गए।
आसपास के जिलों से भी पहुंचे धावक
यह आयोजन केवल भोपाल तक सीमित नहीं रहा। विदिशा, रायसेन सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा और प्रोफेशनल धावक इसमें शामिल हुए। प्रतिभागियों में विभिन्न आयु वर्ग और पेशों से जुड़े लोग शामिल थे, जिन्होंने ‘स्पिरिट ऑफ यूनिटी’ यानी एकता की भावना को जीवंत कर दिया।
फिटनेस से आती है मानसिक मजबूती
सत्य साई सेवा समिति के जिला अध्यक्ष सजल श्रीवास्तव ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। ‘स्पिरिट ऑफ यूनिटी रन’ के माध्यम से समिति ने समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया है कि नियमित व्यायाम और दौड़ न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और अनुशासन भी विकसित करती है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की तैयारी काफी समय से की जा रही थी। समिति के युवाओं ने वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन में जिम्मेदारी संभालते हुए इस बड़े आयोजन को सफल बनाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
