नैनीताल, 02 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल के ऐतिहासिक फ्लैट मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन और मैदान के स्वामित्व को लेकर उपजे विवाद के बीच खेल विभाग की प्रभारी निदेशक राशिका सिद्दीकी ने सोमवार को फ्लैट्स मैदान में पत्रकारों से वार्ता की।

उन्होंने कहा कि खेल विभाग ने मैदान में क्रिकेट पिच तैयार कराई थी और प्रतियोगिता के लिए 32 टीमों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं लेकिन कुछ व्यवधानों के कारण खेल शुरू नहीं हो सका। राशिका सिद्दीकी ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से पहले स्वर्गीय पृथ्वीराज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता कराने की बात कही गई थी।
इस पर उप जिलाधिकारी, विधायक सरिता आर्या और नगर पालिका अध्यक्ष के साथ हुई मध्यस्थता में यह समाधान निकाला गया कि प्रतियोगिता खेल विभाग, डीएसए और नगर पालिका तीनों संस्थाएं संयुक्त रूप से कराएंगी। खेल विभाग इस प्रस्ताव पर सहमत था और उसने स्पष्ट किया था कि प्रतियोगिता नि:शुल्क होगी, खिलाड़ियों को नियमानुसार जलपान, पुरस्कार, उपकरण और प्रमाण पत्र खेल विभाग की ओर से दिए जाएंगे लेकिन बाद में नगर पालिका और डीएसए की ओर से इस पर असहमति व्यक्त कर दी गई।
उन्होंने कहा कि खेल विभाग अब भी मिलकर प्रतियोगिता कराने के लिए तैयार है और किसी प्रकार के विवाद या मैदान पर कब्जे की मंशा नहीं रखता। विभाग का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन है।
प्रभारी निदेशक ने बताया कि 27 जनवरी 2025 को शहरी विकास सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में फ्लैट मैदान को 30 वर्ष की लीज पर खेल विभाग को देने का निर्णय लिया गया था और इसके बाद नगर पालिका तथा खेल विभाग के बीच अनुबंध हुआ। शासन के निर्णय के अनुसार फ्लैट्स मैदान में डीएसए द्वारा दशकों से संचालित ट्रेडर्स कप हॉकी, लैंडो लीग फुटबॉल, रामपुर कप और स्वर्गीय पृथ्वीराज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता खेल विभाग के सहयोग से कराई जानी हैं जबकि अन्य सभी गतिविधियां खेल विभाग द्वारा संचालित की जानी हैं।
उन्होंने कहा कि खेल विभाग के आयोजन से खिलाड़ियों को नि:शुल्क प्रवेश, किट, जलपान और प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं मिलती हैं। फ्लैट मैदान में विभाग द्वारा सात विभिन्न खेलों के कोच भी नियुक्त किए गए हैं जिनसे मात्र 250 रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क पर प्रशिक्षण लिया जा सकता है। प्रशिक्षित खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन हेतु परीक्षण दे सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना और सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को 4 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशिक्षकों की तैनाती से नैनीताल के खिलाड़ी भी इन योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
राशिका सिद्दीकी ने मैदान की घेराबंदी या आमजन के प्रवेश पर प्रतिबंध की चर्चाओं को अफवाह बताते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था यथावत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि खेल विभाग, उप जिलाधिकारी नैनीताल और विधायक ने नगर पालिका व डीएसए से आग्रह किया है कि वे स्वर्गीय पृथ्वीराज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में खेल विभाग को सम्मिलित करें और खेल विभाग के टूर्नामेंट में पंजीकृत टीमों को भी उक्त प्रतियोगिता में शामिल कर लें ताकि खेल विधिवत शुरू हो सके। अन्यथा खेल विभाग प्रशासन के सहयोग से प्रतियोगिता शुरू करने पर विचार करेगा।
पत्रकार वार्ता में जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत भी उपस्थित रहीं। इधर फ्लैट्स मैदान में सोमवार को भी पुलिस बल तैनात रहा और खेल गतिविधियां नहीं हो सकीं। जबकि हल्की बारिश के कारण कवर नहीं हटाए गए और पिच में फिसलन की आशंका बनी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
