हरिद्वार, 02 फ़रवरी (हि.स.)। कलियर क्षेत्र में खनन से जुड़े ओवरलोड भारी वाहनों के कारण सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस सोहलपुर के पास सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। बस में लगभग 35 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल बस सोहलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े खनन से भरे एक ओवरलोड डंपर को बचाने के प्रयास में बस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे खेत में जा गिरी। बस के खेत में गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में खनन से भरे ओवरलोड डंपरों को लेकर कड़ा विरोध जताया। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए इमलीखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और खनन से भरे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया।
इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली ने बताया कि करीब आधा दर्जन डंपरों को चौकी में खड़ा कराया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
