मंडी, 06 फ़रवरी (हि.स.)। मेरा युवा भारत मंडी द्वारा युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों, बजट प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से बजट क्वेस्ट एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच के रूप में सामने आया है। यह पहल युवाओं को अपने विचार, सुझाव और दृष्टिकोण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करती है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल बजट संबंधी जानकारी बढ़ेगी, बल्कि उनमें विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक सहभागिता की भावना भी विकसित होगी। बजट क्वेस्ट दो प्रमुख चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण में क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी, जो केंद्रीय बजट, आर्थिक योजनाओं और शासन से संबंधित विषयों पर आधारित है। द्वितीय चरण में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी बजट और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की आर्थिक दिशा और नीतियों को समझने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रोफेसर ललित अवस्थी द्वारा मंडी जिला में बजट क्वेस्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे उनका ज्ञानवर्धन होगा और उन्हें माननीय प्रधानमंत्री के साथ विचार साझा करने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं सभी शैक्षणिक संस्थानों से अनुरोध है कि वे इस जानकारी का व्यापक प्रसार करें तथा विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। यह पहल युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनने की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
