दक्षिण 24 परगना, 12 मार्च (हि. स.)। जिले के बजबज नगर पालिका क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक गैरेज में गैस सिलेंडर विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना बजबज नगरपालिका के वार्ड नंबर 19 स्थित एक गैरेज में हुई। बताया जा रहा है कि वहां गैस सिलेंडर की मदद से वाहन की वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहले इसे बम विस्फोट समझ बैठे। बाद में मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि गैरेज की टिन की छत उड़ गई है और दो लोग रक्तरंजित हालत में पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बजबज थाने को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक एवं घायल व्यक्ति का परिचय नहीं मिल पाया था।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि गैस सिलेंडर से वाहन वेल्डिंग का काम करते समय विस्फोट हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट किस वजह से हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
