बड़वानी, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में अंजड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। इस हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह ‘मां शक्ति ट्रैवल्स की बस’ खरगोन से बड़वानी की ओर आ रही थी। बस में 30 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस बड़वानी और अंजड़ के बीच राजीव गांधी नगर के पास पहुंची थी, तभी उसका हैंडल लॉकर टूट जाने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर खेत में चली गई। हादसे में घायल छह गंभीर लोगों को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर मूसफ ने बताया कि लाए गए मरीजों में से दिनेश पुत्र बाबूलाल को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। अन्य पांच मरीजों को मामूली चोटें थीं और उनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में किया जा रहा है। घायलों में प्यारसिंह (निवासी चितावल), दिनेश (निवासी सुन्दरेल), बबिता मोरे (निवासी जोबट), बस चालक रवि (निवासी खरगोन) और विकास (निवासी खरगोन) शामिल हैं।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। पुलिस घटना की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
