कठुआ/बनी, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से बनी में एक भव्य कार्यक्रम एवं सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा काजल राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ जिसमें क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी महिला मोर्चा सुषमा शर्मा, सुषमा करयाल, सुषमा देवी और रेखा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा डीडीसी अरीना ठाकुर, पूर्व बीडीसी डुग्गन सुनीता, नीलम सहित कई गणमान्य महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं और बच्चियों को मंच से सम्मानित कर ट्रॉफियां प्रदान की गईं। साथ ही बच्चियों के लिए 100 मीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साह और प्रेरणा से भर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और ऐसे कार्यक्रम उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। यह आयोजन महिलाओं के सम्मान, उनके योगदान और समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी को समर्पित रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
