बरपेटा (असम), 11 मार्च (हि.स.)। बरपेटा जिले में कट्टरपंथी गुटों से कथित संबंधों के आरोप में पुलिस ने बुधवार काे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कट्टरपंथियों के विरूद्ध अभियान बीती रात को असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सरभोग पुलिस थाना क्षेत्र में चलाया था।

असम पुलिस मुख्यालय के अधिकारियाें ने बुधवार काे बताया कि पुलिस टीम ने बीती रात बरपेटा से दो कट्टरपंथियों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ चल रही है। इस संबंधित अन्य जानकारी शीघ्र ही सार्वजनित की जाएगी। बरपेटा ज़िला पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यह अभियान स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाया गया था।
ज्ञात हो कि पिछले साल दिसंबर में, सुरक्षा एजेंसियों ने असम और त्रिपुरा में 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन पर बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी गुटों से कथित संबंध होने का आरोप था, जो कथित तौर पर पूर्वोत्तर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे थे।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
