वाराणसी, 06 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के भंडार विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत अभिमन्यु राय को खेल जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।

उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन ने उन्हें प्रदेशीय सब-जूनियर वॉलीबॉल टीम के प्रशिक्षक/कोच के रूप में चयनित किया है। यह जानकारी शुक्रवार को बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी।
उन्होंने बताया कि अभिमन्यु राय का चयन आगामी 44वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के दृष्टिगत किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश की टीम भाग ले रही है। अभिमन्यु राय अपने अनुभव, तकनीकी दक्षता एवं अनुशासनप्रिय प्रशिक्षण शैली के माध्यम से खिलाड़ियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राय लंबे समय से वॉलीबॉल खेल से जुड़े हुए हैं तथा खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनका यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत खेल योगदान का सम्मान है, बल्कि बरेका के लिए भी गर्व का विषय है कि अभिमन्यु राय प्रदेश स्तर पर खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में योगदान देंगे। इस अवसर पर बरेका के अधिकारी एवं खेलप्रेमी रेलकर्मियों ने राय को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
