

बरेली, 17 मार्च (हि.स.) । महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए जनपद में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान मंगलवार से शुरू हो गया। जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के प्रतिनिधि अनिल कुमार सक्सेना ने अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन जिले में 74 किशोरियों को टीका लगाया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।

अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाया जा रहा है। जनपद में पहला टीका सीबीगंज की लेबर कॉलोनी निवासी ईशिता को लगाया गया। इस मौके पर अनिल सक्सेना ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है और एचपीवी टीकाकरण इसके बचाव का प्रभावी उपाय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अभियान का औपचारिक शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया था, जबकि बरेली में इसकी शुरुआत 17 मार्च से हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार से जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के अनुसार, शुरुआती तीन माह तक यह अभियान सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर प्रत्येक बुधवार और शनिवार को संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसके लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य होगी। अभिभावक यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कर डिजिटल सहमति दे सकते हैं, जबकि इंटरनेट न होने पर लिखित सहमति लेकर बाद में पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। आयु सत्यापन के लिए पहचान पत्र जरूरी होगा और टीकाकरण प्रमाणपत्र भी पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष डॉ. शालिनी माहेश्वरी ने बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार, सिरदर्द या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द जैसे सामान्य लक्षण हो सकते हैं, जिनके लिए पैरासिटामॉल और बर्फ की सिकाई लाभकारी है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह समेत डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
