
बरेली, 07 फरवरी (हि.स.) । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की अंतरजनपदीय टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदपुर क्षेत्र स्थित एक खाद्य तेल फैक्ट्री पर छापामार निरीक्षण किया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर गौसगंज सराय स्थित मै० खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल प्रा०लि० का निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न ब्रांड के खाद्य तेलों के कुल 8 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इनमें न्यूट्रीप्लस रैपसीड ऑयल, रिफाइंड पामोलीन ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, क्लासिक सोयाबीन, मल्टीसोर्स एडिबल ऑयल, राइस ब्रान ऑयल, सरसों तेल व चक्रा ब्रांड सरसों तेल शामिल हैं।
निरीक्षण में न्यूट्रीप्लस रैपसीड ऑयल के 1485 कंटेनर (प्रत्येक 15 लीटर) कुल 22,273 लीटर तेल सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 31,55,342 रुपये बताई गई है। जिन टैंकों से नमूने लिए गए, उनके तेल के प्रोसेसिंग, पैकिंग व बिक्री पर जांच रिपोर्ट आने तक रोक लगा दी गई है।
टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्द्रशेखर मिश्रा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल सहित शाहजहाँपुर व बरेली के कई खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने तक सम्बंधित बैच की बिक्री व उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। मानकों में कमी मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सजग रहने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
