बरेली, 12 जनवरी (हि.स.) । फरवरी में प्रस्तावित यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षाओं से पहले जिलेभर के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में सोमवार से प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। ठंड और शीतलहर के कारण पहले निर्धारित सात जनवरी की तिथि में बदलाव किया गया था। अवकाश समाप्त होते ही स्कूलों में परीक्षा का माहौल बन गया।

प्री-बोर्ड के पहले दिन सोमवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। केंद्रों पर बच्चों में तैयारी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है और अनुशासन का पूरा पालन कराया जा रहा है।
हाईस्कूल की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 19 जनवरी तक चलेंगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 21 जनवरी को समाप्त होंगी। इसके बाद 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं शुरू होंगी। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस वर्ष जिले के 451 माध्यमिक विद्यालयों के 92,135 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 49,977 हाईस्कूल और 42,158 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा और अनुशासन को लेकर स्कूलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।———–
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
