बरेली, 11 मार्च (हि.स.) । बरेली और आसपास के यात्रियों के लिए जल्द ही दिल्ली की यात्रा और आसान होने वाली है। प्रधानमंत्री 14 मार्च को एक नई रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे, जो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से दिल्ली के आनंद विहार तक चलेगी।

प्रधानमंत्री अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान इस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई रेल सेवा कई राज्यों को जोड़ते हुए महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन पुरुलिया से चलकर रामगढ़, रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद रोहतास, कैमूर, चंदौली, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद होते हुए दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक पहुंचेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। खासतौर पर बरेली और आसपास के जिलों के यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी।
आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मण्डल का कहना है कि नई सेवा शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर और सुगम विकल्प मिलेगा, साथ ही विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
