

बरेली, 14 मार्च (हि.स.)। साहस, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर ‘जोरावर साइकिल रैली’ शनिवार को बरेली से रवाना हुई। मुख्यालय उत्तर भारत (HQ UB) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, एवीएसएम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

यह साइकिल रैली बरेली से उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे तक चुनौतीपूर्ण मार्ग से गुजरते हुए आगे बढ़ेगी। सेना के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना और सशस्त्र बलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रैली के दौरान टीम रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेगी और उनके कुशलक्षेम की जानकारी लेगी। साथ ही उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा टीम अलग-अलग विद्यालयों में पहुंचकर छात्रों से संवाद करेगी और उन्हें भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों से सशस्त्र बलों और नागरिकों के बीच संबंध और मजबूत होते हैं। रैली का औपचारिक समापन पिथौरागढ़ में फ्लैग-इन कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।
सेना की यह पहल युवाओं में साहस, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
——-
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
