बलरामपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी सौगात के रूप में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत संचालित कृषक उन्नति योजना की आदान सहायता राशि 28 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश के पंजीकृत एवं धान बीज उत्पादक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरित की जाएगी।

आज गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए पारदर्शी तरीके से किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी, जिससे उन्हें कृषि कार्यों के लिए समय पर आर्थिक संबल मिल सके। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकें।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन एवं कृषि विभाग के नेतृत्व में 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे से सभी विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड बलरामपुर में बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन, रामचन्द्रपुर (रामानुजगंज) में जनपद पंचायत सभाकक्ष, वाड्रफनगर में सहकारी समिति विरेन्द्रनगर, राजपुर, शंकरगढ़ एवं कुसमी के जनपद पंचायत सभाकक्षों में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उप संचालक कृषि रामचन्द्र भगत ने जिले के सभी पात्र कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने निकटतम कार्यक्रम में उपस्थित होकर शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और इसका लाभ उठाएं।
कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
