बलरामपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली कन्हर नदी तेजी से सूख रही है। जलस्तर में आई भारी गिरावट के चलते अब शहर में पेयजल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है।

रामानुजगंज नगर के लिए प्रमुख जलस्रोत कन्हर नदी इन दिनों गंभीर जल संकट का सामना कर रही है। लगातार घटते जलस्तर के कारण नदी अब केवल पतली धार के रूप में सिमट गई है। हालात ऐसे बने हुए हैं कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले एक सप्ताह में नदी के पूरी तरह सूखने की आशंका जताई जा रही है।
करीब 25 हजार की आबादी वाले रामानुजगंज नगर की जलापूर्ति पूरी तरह इसी नदी पर निर्भर है। नगर पालिका द्वारा कन्हर नदी से पानी लिफ्ट कर टंकियों में संग्रहित किया जाता है, जिससे शहर में नियमित जल वितरण होता है। ऐसे में नदी के सूखने का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ना तय माना जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका ने त्वरित कदम उठाते हुए नदी में बावली (कुएं) के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि उपलब्ध जल का अधिकतम उपयोग किया जा सके। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नदी का बहाव अब काफी कम हो गया है और पानी का रुख झारखंड की ओर हो गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है, ताकि शहरवासियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। वहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने भी माना कि जलस्तर में इतनी तेजी से गिरावट की उम्मीद नहीं थी, जिससे स्थिति अचानक गंभीर हो गई है।
उन्होंने बताया कि अब वैकल्पिक जल व्यवस्था पर तेजी से काम किया जा रहा है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि जलापूर्ति बाधित न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
