बलौदाबाजार, 28 फरवरी (हि.स.)। वन परिक्षेत्र अर्जुनी अंतर्गत अक्टूबर माह में घटित मादा गौर शिकार प्रकरण में फरार चल रहे चार आरोपितों में से दो ने आज शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें जेल दाखिला कराया गया। इस मामले में पूर्व में तीन आरोपित पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

उक्त घटना में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत गंभीर अपराध पंजीबद्ध किया गया था। घटना के पश्चात वन विभाग द्वारा निरंतर निगरानी, विशेष गश्त एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपितों की तलाश की जा रही थी। लगातार प्रयासों एवं सघन कार्रवाई के परिणामस्वरूप मुख्य आरोपित जगदीश चौहान एवं अभिमन्यु चौहान, दोनों निवासी बिलाड़ी, ने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया। प्रकरण में शेष फरार आरोपितों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक गुलशन कुमार साहू, प्रशिक्षु वन क्षेत्रपाल रुपेश्वरी दीवान एवं डब्बू साहू शामिल रहे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
