बक्सर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना–बक्सर एनएच 922 पर लेवाड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर बाद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में हुआ।

थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार होकर उतरी लेन से कृष्णाब्रह्म की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से गलत साइड में आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घायल दोनों युवक ने रास्ते में बाइक सवार से लिफ्ट मांगी थी और कृष्णाब्रह्म बाजार तक छोड़ने की बात हुई थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। घटना के बाद बस चालक और खलासी बस छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी अनिल साह के 16 वर्षीय पुत्र छठु साह के रूप में हुई है।
घायलों में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव निवासी संतोष माली का 18 वर्षीय पुत्र लाला माली और गर्जन माली का 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
