आसनसोल, 15 मार्च (हि. स.)। सलानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर में एक बहुमंजिली अपार्टमेंट में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया और सभी निवासी सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना ने इलाके की करीब 80 से अधिक बहुमंजिली इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रूपनारायणपुर के हिंदुस्तान केबल्स रोड के पास स्थित रूपसीनी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल के एक फ्लैट में रविवार सुबह करीब आठ बजे आठ लग गई। फ्लैट की जिम्मेदारी वृद्धा सतीरानी प्रामाणिक को सौंपी गई है।
तृणमूल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह उस समय घर में अकेली थीं। उन्होंने बताया कि वह सुबह घर का काम कर रही थीं और एफएम रेडियो सुन रही थीं, तभी अचानक बिजली के बोर्ड से तेज आवाज आई। इसके बाद जलने की गंध और धुआं निकलते देखा। स्थिति समझते ही उन्होंने नीचे रहने वाले पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी ऊपर पहुंचे तो देखा कि फ्लैट धुएं और आग से भर चुका है। इसके बाद किसी तरह वृद्धा को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
घटना की सूचना मिलने पर चित्तरंजन रेल कारखाने की दमकल टीम आधे घंटे के भीतर एक इंजन लेकर मौके पर पहुंची। इसके साथ ही आसनसोल से भी दमकल की एक और गाड़ी पहुंची। रूपनारायणपुर पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गए।संकीर्ण सीढ़ियों और बेहद तंग गलियों के कारण दमकलकर्मियों को ऊपर तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। फ्लैट के अंदर खाली पानी की बोतलें, पुराने कार्टन, कागज और कपड़े बड़ी मात्रा में रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई
।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में बार-बार बिजली की समस्या हो रही थी। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि बार-बार बिजली के उतार-चढ़ाव के कारण ही बिजली के बोर्ड से आग लगी हो सकती है।
इस घटना के बाद रूपनारायणपुर में दमकल केंद्र स्थापित करने की मांग फिर से तेज हो गई है। सलानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि इलाके में फायर ब्रिगेड यूनिट स्थापित करने की कोशिश लंबे समय से चल रही है और इस दिशा में बराबनी के विधायक विधान उपाध्याय भी प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेजी से बढ़ रही बहुमंजिला इमारतों को देखते हुए इलाके में दमकल केंद्र की जरूरत अब बेहद जरूरी हो गई है। प्रशासन से यह भी मांग की गई है कि बंद हो चुके तालाबों का पुनरुद्धार किया जाए ताकि आपात स्थिति में पानी की व्यवस्था हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
