

बांकुड़ा, 24 मार्च (हि. स.)। जिले के खतड़ा क्षेत्र स्थित देदुआ ब्रिज पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा को रात के अंधेरे में क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मंगलवार सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना को “अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण” करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में जनजातीय और मूलवासी समाज पहले से ही जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से वंचित हैं और इस प्रकार की घटनाएं उनकी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार देवी-देवताओं, मंदिरों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंताजनक है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शहीद रघुनाथ महतो जैसे क्रांतिकारी की प्रतिमा को क्षति पहुंचाना केवल व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और समाज की अस्मिता पर सीधा आघात है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उदाहरण प्रस्तुत करने की मांग की।
वहीं, मंगलवार सुबह तृणमूल रानीबंध विधानसभा प्रत्याशी तनुश्री हंसदा भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक मूर्ति तोड़ने की घटना नहीं है, बल्कि हमारे इतिहास, आत्मसम्मान और संघर्ष की भावना पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की निंदनीय घटना समाज के मूल्यों और परंपराओं को कलंकित करती है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इधर, रानीबंध विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी खुदीराम टुडू घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
खुदीराम टुडू ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था में कहां कमी रह रही है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि शहीद रघुनाथ महतो क्षेत्र की पहचान और गौरव का प्रतीक हैं, उनके सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
