वाराणसी, 21 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार से मां सौभाग्य गौरी व शक्तिपीठ माता विशालाक्षी मंदिर में वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री भेजी गई। यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से दी गई। बताया गया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्री विश्वेश्वर (बाबा विश्वनाथ) के पावन ज्योर्तिलिंग को अवलोकित करवा कर, उपहार स्वरूप मां के धारण किए जाने के लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री मंदिर के शास्त्रियों द्वारा विधिपूर्वक माँ सौभाग्य गौरी तथा शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित की गई। इसके पहले दूसरे दिन भी मां ज्येष्ठा गौरी व शक्तिपीठ मां विशालाक्षी को श्री काशी विश्वनाथ धाम से वस्त्र एव श्रृंगार सामग्री भेजी गई। मंदिर न्यास के अनुसार नवरात्र के आगामी दिनों में भी माँ गौरी के विभिन्न स्वरूपों, जिनके लिए जो दिन समर्पित है, उनके लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री श्री विश्वेश्वर से अवलोकित करवा कर उपहार स्वरूप नवरात्र अवधि में प्रतिदिन प्रेषित की जाएगी। यह आयोजन श्रद्धा, परंपरा एवं सनातन आस्था के अनुसार सम्पन्न किया जा रहा है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
