उज्जैन , 14 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन में मंगलवार को डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती अवसर पर कालिदास संस्कृत अकादमी के पं. सूर्य नारायण व्यास संकुल सभागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल थे। अपने उद्बोधन में उन्होने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और संकल्प की गाथा है। उनका मंत्र शिक्षित बनो-संगठित रहो और संघर्ष करो… आज भी भारत के पुनर्निर्माण का मूल मंत्र है।

श्री टेटवाल ने उपस्थितजन से आग्रह किया कि हम बाबा साहेब के विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारें। उन्होंने हर गरीब को न्याय, हर युवा को अवसर, हर महिला को सम्मान और समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव न रहे, का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट,संजय अग्रवाल,रूप पमनानी,राजेन्द्र भारती उपस्थित रहे।
समापन पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना के हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। संत रविदास आर्थिक कल्याण योजना अंतर्गत हितग्राही अशोक पिता शांतिलाल बिडवाल को गाड़ी की चाबी दी गई। आदिम जाति छात्रावास के पांच विद्यार्थियों के शासकीय सेवा में चयनित होने पर शील्ड प्रदान की गई। नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत महिलाओं का सम्मान किया गया। समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया ।
संचालन ज्वलंत शर्मा ने और आभार जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण निधि जायसवाल ने माना।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
