मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय मिशन कंपाउंड में रविवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद छोटे खान ने कहा कि बाबू जगजीवन राम भारत के महान दलित नेता, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने जाति आधारित भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए शोषित और वंचित समाज को सशक्त बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में उनके आदर्शों को अपनाने और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक न्याय और समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर सोशल मीडिया के प्रदेश महासचिव अंकुर श्रीवास्तव, अनुसूचित जाति शहर अध्यक्ष डॉ. दिनेश चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र विश्वकर्मा, पहाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष विजय दुबे, जिला सचिव संजय कुमार, फिरोज अहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
