बांदा, 08 फ़रवरी (हि.स.)। कुकर्म के बाद 10 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में बालक की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि कुकर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड तैयार कर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल मामला सुलझने के बजाय और उलझता नजर आ रहा है।

रविवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने बताया कि बालक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं और उसकी मौत करीब पांच दिन पहले हुई थी। चिकित्सकों के अनुसार, हत्या अत्यंत बेरहमी से की गई है।

यह मामला बबेरु कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव का है, जहां निवासी 10 वर्षीय बालक 2 फरवरी को लापता हो गया था। शनिवार को उसका शव गांव के बाहर एक खेत में पड़ा मिला। शव के मुंह में सरसों के पत्ते ठूंसे गए थे, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मृतक की बहन ने आरोप लगाया था कि उसके भाई के साथ कुकर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया।
रविवार को डॉक्टर नरेंद्र विश्वकर्मा और देवेश माथुर के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने बताया कि कुकर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है, जिसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इधर, मृतक के परिजनों ने बालक के साथ अमानवीय कृत्य किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के ही कुछ किशोरों और युवकों पर संदेह जताया है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रजावत ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
रविवार दोपहर बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
