डेहरी आन सोन, 6 फ़रवरी (हि. स )।

रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के तारबंगला चौक स्थित दोपहर डेढ़ बजे दिन में बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने मोटरसाइकिल पर सवार मां बेटी और बेटा को धक्का मार दिया। मौके पर ही दाहिने तरफ गिरने से मां को रौंद दिया। इस हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बेटा बेटी मोटरसाइकिल के साथ सुरक्षित बच गए। इसके बाद काफी देर तक वहां अफरा-तफरी मची रही।स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क उठा और लोगों ने जमकर हंगामा किया।
सड़क जाम की सूचना पाकर डेहरी थानाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने में लगे।पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसको पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा।
जानकारी के अनुसार तिलौथू प्रखंड के अमरा गांव के रहने वाले अभिशेख विश्वकर्मा की 40 वर्षीय पत्नी रंजू देवी अपने पुत्र धिरज कुमार एवं पुत्री टूसु कुमारी को मोटरसाइकिल बीआर 24 आर 7369 पर सवार होकर अकोढ़ी गोला स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के हास्टल में अपने बेटी टूसु को छोड़ने जा रहे थे। तभी तारबंगला चौक के समीप बालू लदे हाईवा युपी 64 बीटी 3390 ट्रक ने पल्सर मोटरसाइकिल में धक्का मार दिया जिसे मृतक महिला रंजु देवी चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र धिरज कुमार ने बताया कि वह अकोढ़ी गोला जवाहर नवोदय विद्यालय के हास्टल में अपने माँ के साथ बहन टूसु कुमारी को छोड़ने जा रहे थे। उसी दौरान तारबंगला चौक के पास बालू लदे अनियंत्रित वाहन ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं डेहरी थानाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार ने बताया कि बालू लदे हाईवा ट्रक के द्वारा धक्का मारने से महिला की मौत हो गई जबकि बेटा और बेटी सुरक्षित बच गई है। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा
