मेदिनीपुर, 10 फरवरी (हि.स.)।

पूर्व मेदिनीपुर जिले में नाबालिग विवाह से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस की तत्परता से दो नाबालिग किशोरियों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सूचित किया गया। नाबालिग होने की जानकारी मिलते ही दोनों युवक शादी से पीछे हट गए और किशोरियों को एक रिश्तेदार के घर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सबंग थाना क्षेत्र की रहने वाली दो सगी बहनें, एक नौवीं और दूसरी सातवीं कक्षा की छात्रा, दुर्गापूजा के दौरान भूपतिनगर थाना क्षेत्र के एक युवक के संपर्क में आई थीं। धीरे-धीरे बड़ी बहन का युवक से प्रेम संबंध बन गया। बाद में युवक के एक मित्र का छोटी बहन से भी प्रेम संबंध हो गया। कुछ महीनों बाद दोनों बहनों ने शादी का निर्णय लिया और छह दिन पहले घर छोड़कर भूपतिनगर पहुंच गईं।
बताया गया है कि दोनों नाबालिगों को लेकर युवक अपने एक रिश्तेदार के घर गया था। किशोरियों की उम्र की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार ने बाल विवाह कानून के तहत सजा की आशंका जताई। इसके बाद युवक घबराकर दोनों किशोरियों को वहीं छोड़कर फरार हो गये। बाद में उक्त रिश्तेदार ने भी घर में ताला लगाकर स्थान छोड़ दिया।
इस बीच, पड़ोसियों के माध्यम से किशोरियों के पिता को सूचना दी गई। पिता ने सबंग थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर भूपतिनगर थाना पुलिस की मदद से सोमवार शाम को दोनों किशोरियों को बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल दोनों किशोरियों को मेदिनीपुर स्थित एक सरकारी बाल संरक्षण गृह में रखा गया है। फरार दोनों युवकों की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
