
बिजनौर, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम मण्डोरा जट में हुई लूट की घटना का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह घटना पूरी तरह फर्जी निकली। पुलिस ने इस मामले में घर की छाेटी बहू, उसकी मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद किए हैं।

बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र में फरवरी माह में ग्राम मण्डोरा जट निवासी भोगेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो व्यक्तियों ने घर में घुसकर अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। साथ ही, उनकी छोटी पुत्रवधू शिवानी के साथ मारपीट कर उसके आभूषण भी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कई टीमों बना कर जांच आगे बढ़ाई ।

पुलिस ने पीड़िता शिवानी के बयानों में विरोधाभास देख कर जब पूछताछ तेज की ताे कहानी पूरी तरह से बदल गई। सच्चाई सामने आई कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी। पुलिस पूछताछ में शिवानी ने स्वीकार किया कि उसने 4 फरवरी को अपनी जेठानी आरती की अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 14 तोला सोना और 100 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी किए थे। चोरी छिपाने और खुद को निर्दोष साबित करने के लिए उसने झूठी लूट की कहानी रची और खुद ही चाकू से हल्की चोट बनाकर घटना का रूप दे दिया। छोटी बहू ने चोरी किए गए जेवर अपने भाई गोलू उर्फ पंकज के माध्यम से अपने मायके ग्राम विसाट भिजवा दिए थे।
पुलिस टीम ने आरोपी छोटी बहू शिवानी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त चाकू और चोरी के आभूषण बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई गोलू उर्फ पंकज और मां संजो देवी को भी हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए समस्त आभूषण बरामद कर लिए गए। यह साजिश गोलू उर्फ पंकज की शादी के लिए धन की कमी दूर करने के लिए की गई थी।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी अभिषेक झा ने बताया की महिला ने अपनी मां और भाई के साथ प्लानिंग कर जेठानी की ज्वेलरी अपने भाई की शादी में इस्तेमाल करने के उद्देश्य अपने भाई को पहले ही दे दी थी और 7 फरवरी को गुमराह करने के लिए पुलिस को गलत सूचना दी थी। महिला उसके भाई और मां को गिरफ्तार कर लिया है । आभूषण बरामद कर लिए हैं अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
