औरैया, 20 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

बिधूना सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि थाना टीम और स्वाट टीम संयुक्त रूप से क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 4:30 बजे बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपित अनुज यादव के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में हिस्ट्रीशीटर अनुज यादव, यशवीर सिंह सेंगर निवासी असजना बिधूना और लवेश शर्मा निवासी नूरपुर खड़कपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अनुज यादव पर विभिन्न धाराओं में लगभग 30 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक लूटा गया मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुठभेड़ में घायल आरोपित को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
