
पश्चिम मेदिनीपुर, 09 मार्च (हि. स.)। जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर इलाके में स्थित खड़गपुर विद्यासागर इंडस्ट्रियल पार्क में बनी नई पेंट फैक्ट्री को लेकर जमीनदाताओं में नाराजगी बढ़ गई है। बिरला समूह की इस फैक्ट्री पर जमीन देने वाले परिवारों ने वादा पूरा न करने का आरोप लगाया है।

जमीनदाताओं का कहना है कि फैक्ट्री निर्माण के समय उनकी जमीन लेने के बदले परिवार के सदस्यों को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन फैक्ट्री शुरू होने के बाद भी जमीन देने वाले परिवारों के किसी सदस्य को रोजगार नहीं मिला। आरोप है कि स्थानीय लोगों को नजरअंदाज कर बाहर से लोगों को लाकर फैक्ट्री में नियुक्ति की जा रही है।
इसी मांग को लेकर सोमवार को खड़गपुर के रूपनारायणपुर में 14 मौजा के जमीनदाता परिवारों ने विरोध प्रदर्शन किया। जमि हारा परिवार संग्रह समिति के बैनर तले नौकरी के नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर आंदोलन किया गया।
सोमवार शाम करीब चार बजे प्रदर्शनकारियों ने पहले विरोध मार्च निकाला और उसके बाद ग्रासिम फैक्ट्री की ओर कूच किया। फैक्ट्री के सामने पहुंचकर जमीनदाताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जमीनदाता परिवारों को जल्द नौकरी नहीं दी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
