औरैया, 09 फरवरी (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में एक युवती के रहस्यमय ढंग से घर से गायब होने का मामला सामने आया है। युवती के बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने से गांव में सनसनी फैल गई ।

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जबकि परिजन उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर युवती ने घर छोड़ा है। बताया गया कि सुबह परिजनों ने जब बिस्तर पर सांप की केंचुली देखी तो पहले घर में ही चर्चा होती रही, लेकिन दोपहर तक यह खबर पूरे गांव में फैल गई।
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से सुनियोजित प्रतीत होता है। युवती के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया गया है और उसकी लोकेशन के आधार पर तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि युवती को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
