पटना, 18 मार्च (हि.स.)। पटना में बिहार विधान परिषद के सचिव अखिलेश कुमार झा को उप सभागार में आयोजित समारोह में विदाई दी गई। इस अवसर पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें माला पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि उनके जाने का जहां एक ओर दुख है, वहीं यह खुशी की बात भी है कि वे सीतामढ़ी में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे और ऊंचे पदों को सुशोभित करें।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के उप सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय और सदस्य प्रो. विरेंद्र नारायण यादव ने भी अखिलेश कुमार झा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
विदाई समारोह में बिहार विधान परिषद के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
