पूर्वी सिंहभूम, 13 अप्रैल (हि.स.)। बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस कॉलेज परिसर में सोमवार को वार्षिक समारोह सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सिविल सर्जन डॉ एसके झा उपस्थित थेे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी पूरबी घोष, नेताजी सुभाष मंच के अध्यक्ष पीके नंदी तथा अमल संघ के अध्यक्ष सामंतो कुमार शामिल हुए।
कार्यक्रम में कॉलेज की संस्थापक सुस्मिता सोम खान ने झारखंड विधानसभा के प्रोटेम अध्यक्ष विशेश्वर खां को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को साझा किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। अस्मिता दास और उनकी टीम, सौमि बोस ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि ओइंद्री ग्रुप ने संगीत के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बांग्ला, संथाली और पंजाबी गीतों पर प्रस्तुत नृत्य ने विशेष आकर्षण बटोरा।
इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन सोमनाथ सरखेल ने संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों और प्रगति पर प्रकाश डाला। इसके बाद नर्सिंग और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने अपने पेशे की शुरुआत से पहले सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
समारोह में एचपी खान, प्रतिमा घोष, शुभांगी सरखेल, मधुमिता बनर्जी, अपर्णा मंडल सहित अन्य उपस्थित थेे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
