बीकानेर, 11 मार्च (हि.स.)। धर्मनगरी बीकानेर में आगामी चैत्र नवरात्रि के अवसर पर 19 से 29 मार्च तक विराट कथा यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अग्रवाल भवन परिसर, गंगाशहर रोड पर वसंत विजयानंद गिरी के पावन सान्निध्य में होगा।

गुरुभक्त संकेश जैन ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से विराट दिव्य महायज्ञ होगा, जिसमें हजारों किलो मावा, देशी घी और शुद्ध चंदन की लकड़ियों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही देश-प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ भजन संध्या आयोजित होगी।
प्रतिदिन रात्रि 8 बजे गुरुदेव के मुखारविंद से देवी भागवत कथा का वाचन होगा, जबकि सुबह 10 बजे से साधकों के लिए आध्यात्मिक साधना शिविर आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे से निःशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। महोत्सव से पहले 15 मार्च को श्री पार्श्वचंद्र सूरी गच्छ जैन दादाबाड़ी (बगीची) में दिव्य महामांगलिक का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव के दौरान परिसर में गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, दुर्गा, करणी माता, सरस्वती और श्रीराम परिवार सहित कई देवी-देवताओं के 35 से 45 फीट ऊंचे भव्य अस्थायी मंदिर भी बनाए जाएंगे, जो नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
