नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बीटिंग रिट्रीट की रिहर्सल को लेकर विजय चौक एवं उसके आसपास विशेष ट्रैफिक इंतजाम किए हैं।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बुधवार शाम चार बजे से शाम छह बजे तक रिहर्सल के दौरान विजय चौक आम ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान कृषि भवन गोलचक्कर से विजय चौक की ओर रायसीना रोड, दारा शिकोह रोड गोलचक्कर, कृष्णा मेनन मार्ग गोलचक्कर और सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर से विजय चौक की तरफ जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, विजय चौक से रफी मार्ग-कर्तव्य पथ क्रासिंग के बीच कर्तव्य पथ पर भी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी-पाइंट, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
