बीना, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में खुरई ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में हुई एक व्यक्ति की माैत के बाद आक्रोशित परिजनों और जैन समाज के लोगों ने शनिवार को सर्वोदय चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटना में मृत गुलाब चंद जैन की अर्थी चौराहे पर रखकर विरोध जताया और कार चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। इस दौरान शहर में कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात खुरई ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने टहल रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में गुलाब चंद जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में शनिवार सुबह जैन समाज और परिजन मृतक की अर्थी लेकर सर्वोदय चौराहे पहुंचे और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरब्रिज पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ नहीं है और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
जैन समाज के दिनेश पुजारी ने बताया कि प्रशासन को कई बार सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने ओवरब्रिज पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाने की मांग की। सूचना मिलते ही बीना थाना प्रभारी अनूप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि जानबूझकर टक्कर मारने के तथ्य सामने आते हैं तो आरोपी चालक के खिलाफ और कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
