खूंटी, 07 मार्च (हि.स.)। जंगल से भटककर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे एक बीमार जंगली हाथी के इलाज के लिए वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन विभाग के कर्मी लगातार हाथी की निगरानी कर उसकी सेहत पर ध्यान रख रहे हैं।

जानकारी के अनुसार उकरीमारी पाकर टोली जंगल में पहुंचे बीमार जंगली हाथी को प्रभारी वनपाल अविनाश लुगुन के नेतृत्व में शनिवार को दर्द निवारक और विटामिन की दवा दी गई।
वन विभाग की टीम ने दवाइयों को केला और तरबूज में मिलाकर हाथी को खिलाया, ताकि वह आसानी से दवा ग्रहण कर सके।
बताया गया कि वन विभाग के कर्मचारी लगातार जंगली हाथी को ट्रैक कर रहे हैं और उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। विभाग के अनुसार यह हाथी पहले खूंटी क्षेत्र से भटककर तोरपा के बिरता जंगल पहुंच गया था। वहां आसपास के खेतों में घुसकर हाथी ने किसानों की फसलों को रौंद दिया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ।
फसलों को नुकसान होने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए थे। ग्रामीणों की भीड़ के कारण जंगली हाथी को बिरता जंगल से खदेड़ दिया गया, जिसके बाद वह दूसरे क्षेत्र की ओर चला गया।
वन विभाग की टीम ने हाथी की स्थिति को देखते हुए उसे दवा देने का निर्णय लिया। इस दौरान वनरक्षी राहुल महतो, आनंद मुंडरी और अभिषेक शर्मा सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथी के आसपास भीड़ न लगाएं और दूरी बनाकर रखें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
