हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐझीं में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपने बेटे की गंभीर बीमारी और उसके ऑपरेशन को लेकर मानसिक तनाव में चल रही एक महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खबर के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

ग्राम ऐझीं निवासी चंदा देवी (40), पत्नी जय हिंद श्रीवास, पिछले काफी समय से अपने बेटे की सेहत को लेकर चिंतित थीं। मृतका के देवर नरेंद्र उर्फ मुन्ना ने बताया कि उनके बड़े भाई जय हिंद पिछले चार दिनों से अपने 19 वर्षीय बेटे के इलाज के लिए एम्स नई दिल्ली में हैं। बेटा किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। शुक्रवार को ही उसका बड़ा ऑपरेशन होना तय था। बताया गया कि शुक्रवार को जय हिंद का दिल्ली से फोन आया था। चंदा देवी ने अपने बीमार बेटे से भी बात की, ऑपरेशन की खबर और बेटे की कमजोर आवाज सुनकर वह गहरे सदमे में आ गई थीं। फोन रखने के बाद वह काफी परेशान थीं और बार-बार रो रही थी। जिस समय यह घटना हुई, परिवार के अन्य सदस्य खेत में कटाई के काम पर गए थे।
घर में चंदा देवी की तीन बेटियां आकांक्षा, पूनम और नीलम मौजूद थीं। अपनी उदासी के बीच चंदा देवी ने मौका पाकर खुद को कमरे में बंद कर लिया काफी देर तक हलचल न होने पर जब बेटियों ने शोर मचाया और खेत से परिजनों को बुलाया। इसके बाद चंदा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुस्करा ले जाया गया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कराई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
