बीरभूम, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले में पुलिस टीम पर उपद्रवियों द्वारा पथराव किए जाने से सूरी पुलिस थाना के थाना प्रभारी (ओसी) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना कुखुदिही गांव में हुई, जहां निर्माण कार्य के दौरान एक जेसीबी से गलती से कब्र के ऊपर की मिट्टी खुद जाने के बाद तनाव फैल गया। इस दौरान सूरी थाना के ओसी शैलेंद्र उपाध्याय भी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, कब्रिस्तान के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी ने अनजाने में एक कब्र की मिट्टी खोद दी। इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने जेसीबी चालक को पकड़कर रोक लिया, जिससे एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को शांत कराने और चालक को छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पत्थर और ईंटें फेंकने लगी, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की जानकारी पाकर जिले के पुलिस अधीक्षक सूर्य प्रताप यादव अतिरिक्त बल के साथ गांव पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।
एसपी यादव ने बताया कि अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झड़प में शामिल दोनों गुट एक ही समुदाय के हैं।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
