दूसरा हुआ घायल, परिवार में शोक

हमीरपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक में सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं सूचना पर पहुँची पुलिस ने मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के फतेहगंज का निवासी 21 वर्षीय युवक अवधकिशोर जो कि बांदा जनपद के तुर्रा गाँव के निवासी अपने मित्र के साथ राजस्थान उदयपुर से मजदूरी कर बाइक से वापस अपने गांव जा रहा था। तभी रास्ते में राठ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई। जिससे हुए हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक अवध किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा बाइक चला रहा युवक दिनेश पुत्र चुनकू गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु राठ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक अवधकिशोर को नींद आने की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया था। मृतक अवध किशोर मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था जो कि अपने पीछे मां सुमन के अलावा बड़े भाई अभिषेक और बहन अमृता सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने शनिवार को बताया कि मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
