हाथरस, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पांच फरवरी को सैन्यकर्मी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपित गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से दो अवैध तमंचा मय कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। अखिलेश ने आराेपिताें की बुआ की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इससे उनके परिवार की बदनामी हो रही थी, इसी वजह से उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सैन्यकर्मी की हत्या की थी

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि ग्राम समदपुर निवासी सैन्यकर्मी अखिलेश कुमार की गोली मारकर उस वक्त हत्या कर दी गई थी, जब वह न्यायालय से तारीख पर लौटकर अपने मित्र की कार से आगरा जा रहे थे। चन्द्रा फार्म हाउस के पास ईको कार और बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमें आरोपितों की तलाश कर रही थी। टीमों ने लगभग 290 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान कर उन्हें कुरसंडा मोड़ के पास गोरी गोपाल ढाबा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बॉबी उर्फ विशाल और राजा उर्फ राहुल दोनों ग्राम समदपुर के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, विवेचक ने फरार अन्य अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क कराने के लिए न्यायालय में आवेदन किया है।————–
————–
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
